बारिश के चलते बैरिया-मांझी मार्ग पर धंसा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे।संवाद
जयप्रकाश नगर। उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार दोपहर हुई भारी बारिश के बाद चांददियर चौराहे से करीब 50 मीटर पहले शिवन टोला जाने वाले मार्ग के पास सड़क किनारे करीब दस मी. (मीटर)गहरा गड्ढा बन गया। सड़क के अचानक धंसने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों को भी हादसे की आशंका सताने लगी है। लोगों के अनुसार, बारिश के बाद सड़क के किनारे जमीन धंसने से बने इस गहरे गड्ढे ने निर्माण कार्य में जल निकासी और मिट्टी की भराई की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो दोपहिया या छोटे वाहन के गड्ढे की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता है। एनएचआई के परियोजना निदेशक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि मौके पर कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए गए है।
हादसे जैसे हालात बने थे: ग्रामीणों ने बताया कि करीब 11 माह पूर्व चांददियर चौराहे और कारगिल पेट्रोल पंप के बीच निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो स्थानों पर इसी तरह सड़क के नीचे बड़े गड्ढे बन गए थे। उस दौरान एक साइकिल सवार गड्ढे में गिरकर घायल हो गया था। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर उसकी जान बचाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उस घटना के बाद भी सड़क की जल निकासी और मजबूती को लेकर स्थायी सुधार नहीं किए गए।