चौकियामोड़। बलिया-सोनौली मार्ग पर सरयू नदी पुल के तुर्तिपार बैरियर के करीब शनिवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों धनंजय वर्मा (29) और इंद्रजीत राजभर (25) की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
उभांव थाना क्षेत्र के चंदायर कला गांव निवासी धनंजय वर्मा (29) और इंद्रजीत राजभर (25) देवरिया जिले के भागलपुर से श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूजा के सामन की खरीदारी करके अपने घर लौट रहे थे। तुर्तीपार बैरियर के करीब पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार की ट्रक की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इंद्रजीत चार भाइयों में तीसरे नंबर पर जबकि धनंजय वर्मा दो भाइयों में छोटा था। धनंजय की पत्नी साधना मौर्या व मां दुर्गावती देवी का रो-रोक कर हाल बेहाल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि धनंजय की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। वह बाहर प्राइवेट नौकरी करता था, एक वर्ष से घर पर ही था। थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भिजवाया गया है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया है।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की चल रही थी तैयारी
चंदायर कला गांव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी मंदिर से लेकर हर घर में चल रही थी। उसी दौरान दोपहर बाद गांव के दो युवकों की मौत की खबर पर गांव में मातम पसर गया। गांव के मंदिर व घरों में बिना घंट और घड़ियाल के किसी तरह पूजा का कोरम हुआ। आसपास के घरों में चूल्हे नहीं जले न ही पूजा हुई। धनंजय की मां दुर्गावती देवी बार-बार श्रीकृष्ण भगवान से पूछ रही थीं आखिर किस कारण गोद सूनी हुई। पत्नी साधना व्रत थी, उसे क्या पता था कि यह घटना होगी। बड़े अरमान से सुबह से पूजा की तैयारी कर रही थी। घर के छोटे से मंदिर की सजावट की थी। पति से पूजा का सामान मांगी थी।
गड्ढे में डूबने से किशोर की मौत
नवानगर। क्षेत्र के खेल-खेल में एक मासूम की जिंदगी थम गई। भिटुकना गांव थाना नगरा निवासी 14 वर्षीय सुमंत कुमार अपने ननिहाल सरनी मुडेरा थाना सिकंदरपुर में रह रहा था। घर के बगल में बने गहरे गड्ढे में डूबने से उसकी मौत हो गई। सुमंत घर के पास खेल रहा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में जा गिरा। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे को आखिरी बार गड्ढे के पास खेलते देखा गया था। जब लोग वहां पहुंचे तो मासूम का शव पानी में मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।