हल्दी। बलिया-बैरिया मार्ग के बादिलपुर मोड़ पर बृहस्पतिवार की शाम सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां के चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मौत की खबर पर सभी के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
हल्दी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव निवासी योगेन्द्र यादव उर्फ कंठी (25) पुत्र रामदयाल यादव, सोनू यादव (27) पुत्र इंद्रदेव यादव, दीपक यादव (22) पुत्र हरिशंकर यादव और उसका रिश्तेदार हल्दी गांव निवासी सुनील यादव (25) पुत्र शंकर यादव एक ही बाइक पर बैठकर बेलहरी से हल्दी जा रहे थे। चारों जैसे ही बाजिदपुर मोड़ पर पहुंचे सामने से आ रही चार पहिया वाहन से टकरा गए। चार पहिया वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने योगेन्द्र यादव उर्फ कंठी और सुनील यादव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर हालत देख वाराणसी को रेफर कर दिया। घटना की खबर पर अस्पताल में भीड़ रही।