सिकन्दरपुर। थाना क्षेत्र के गांधी इंटर कॉलेज के पास सोमवार की दोपहर स्कॉर्पियो व टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में दो मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिवान कला के नेमा के टोला गांव निवासी बेचू राजभर (40) व लक्ष्मण उर्फ़ देवा राजभर (45) मजदूरी के कार्य के लिए टेंपो से जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। जैसे ही टेंपो गांधी इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चार दिन पहले घर आया था बेचू, गांव में शोक की लहर : बेचू राजभर नौकरी के लिए दूसरे प्रांत में रहता था। चार दिन पहले ही वह घर आया था। घर आने के बाद देवा के साथ कहीं जा रहा था। एक तरफ बेचू की पत्नी शकुंतला (30), पांच वर्ष का पुत्र भोला, पिता बुधन और मां अतवरिया बेसुध हैं। वहीं, देवा की पत्नी सरोज देवी व छह वर्षीय पुत्र शिवम का रोना देख सांत्वना देने वालों की आंखें नम हो गईं।