दीपावली छठ पूजा को लेकर चलेंगी दो ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
बैरिया। दीपावली व छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने 10 से 22 नवंबर तक 04426 डाउन आनन्द विहार टर्मिनल से रक्सौल तक व 04425 अप 11से 23 नवंबर तक रक्सौल से आनन्द विहार टर्मिनल तक चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 08181 अप टाटा-छपरा विशेष गाड़ी को पांच से 30 नवंबर तक सिर्फ छपरा तक व 08182 डाउन छपरा-टाटा एक्सप्रेस विशेष गाड़ी को सात से दो दिसंबर तक छपरा से टाटा तक चलाने का निर्णय लिया है। यह गाड़ी पूर्व में सुरेमनपुर व बलिया रुकती हुई लखनऊ से होकर फरुखाबाद तक जाती थी। लेकिन अब छपरा-टाटा एक्सप्रेस को छपरा तक सीमित रखने से इस क्षेत्र के यात्रियों में मायूसी है। ंजबकि क्षेत्रीय यात्री उत्सर्ग एक्सप्रेस चलाने की मांग विगत दो महीनों से कर रहे हैं।
इस ट्रेन को चलाने के लिए खुद सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने रेल विभाग के एमडी बीके यादव से बात करने के बाद क्षेत्रवासियों को आश्वासन दे चुके हैं। बावजूद इस ट्रेन को सिर्फ छपरा तक सीमित रखने से यात्री मायूस हैं। यही नहीं 05049 अप हाबड़ा-गोरखपुर पूर्वान्चल एक्सप्रेस व 05050 डाउन गोरखपुर-हाबड़ा पूर्वांचल एक्सप्रेस की आरक्षित टिकट सिर्फ 28 नवंबर तक के लिए ही हो रहा है, इसके बाद के टिकट नहीं बुक हो रहा है। ऐसे में इस ट्रेन के बन्द हो जाने से कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस बाबत सुरेमनपुर वाणिज्य अधीक्षक कमलेश मीणा ने बताया कि 04426 डाउन आनन्द विहार टर्मिनस से रक्सौल को जाने वाली यह ट्रेन आनन्द विहार टर्मिनस से सोमवार व शनिवार को छोड़कर प्रतिदिन है। 04425 अप रक्सौल से आनन्द विहार टर्मिनस को जाने वाली ट्रेन मंगलवार व शुक्रवार को छोड़कर प्रतिदिन है। डाउन में यह ट्रेन 10 से 22 नवंबर तक व अप में 11 से 23 नवंबर तक चलेगी और इसके लिए टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है।