नरही। राष्ट्रीय राजमार्ग-922 (पटना-बक्सर फोरलेन) पर बुधवार तड़के बिहार अंतर्गत बक्सर में औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर चालक भरत यादव (47) निवासी उमरऋषि गांव माड़ी आजमगढ़ की केबिन में फंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बक्सर में वाहनों के टक्कर के कारण बलिया के भरौली गोलंबर से लगे कोटवा नारायणपुर व सोहांव तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। सुबह चार से छह बजे तक चौराहा पूरी तरह भारी वाहनों से जकड़ा रहा। छोटे-बड़े वाहनों का करीब 10 किमी लंबी लाइन लग गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाई और दूसरी लेन से वाहनों का परिचालन शुरू कराया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। टक्कर मारने वाले चालक की तलाश की जा रही है।