बलिया। नगर के स्टेशन-टाउन हाल रोड स्थित एक लॉज में गाजीपुर की युवती का शव मिलने की घटना की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। लॉज में व आसपास भवनों में लगे सीसीटीवी की डीबीआर, मृतका तथा उसके प्रेमी के मोबाइल आदि को भी खंगाला जा रहा है। घटना की जानकारी के लिए युवक से पूछताछ के लिए पुलिस अफसरों ने एक टीम वाराणसी अस्पताल तथा दूसरी टीम को गाजीपुर भेजी है। उम्मीद है जल्द ही इस घटना का खुलासा होगा।
सदर कोतवाली में रविवार की रात लॉज में गाजीपुर नगर कोतवाली के मोहनपुरवा पीर नगर निवासी 29 वर्षीय नेहा परवीन का शव मिला था। उसी कमरे में उमरगंज नई बस्ती निवासी 30 वर्षीय जमील अहमद खून से लथपथ मिला था। दोनों ने कोर्ट मैरिज किया था। होटल में पति पत्नी के रूप में कमरा लिया था। दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद नेहा को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद जमील को कुछ देर बाद ही वाराणसी रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग की पुष्टि होने के बाद यह मामला उलझ गया। घटना के खुलासे के लिए मंगलवार को एसपी ने अधिकारियों की दो टीमे बनाकर घटना की तहकीकात में लगाया। बंद कमरे में नेहा की हत्या हुई या आत्महत्या की, इसका जवाब पति के पास ही होगा। इसकी जानकारी के लिए पुलिस की एक टीम को वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती जमील का बयान लेने के लिए भेजा गया, जबकि दूसरी टीम को नेहा के घर परिजनों से और जानकारी लेने के लिए लगाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद देर रात फिर से कमरे में पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतका नेहा व घायल जमील के मोबाइल तथा लॉज में लगे सीसीटीवी के डीबीआर को कब्जे में लेकर खंगाल रही है।
-
शहर के लॉज में युवती की मौत व युवक के जख्मी होने की घटना की जांच की जा रही है। पुलिस की एक टीम को वाराणसी तथा दूसरी टीम को गाजीपुर भेजा गया है। दोनों टीमों की रिपोर्ट आदि के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओमवीर सिंह, एसपी।