बांसडीहरोड क्षेत्र के कुसौरा गांव में संत रविदास की प्रतिमा को रखने के विवाद की सूचना पर पहुंचे स
- फोटो : BALLIA
बलिया जिले के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के कुसौरा गांव में रविवार को संत रविदास की प्रतिमा रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को हटवाया और मामले की छानबीन में जुट गई। कुसौरा गांव में रविवार को गांव के अनुसूचित जाति बस्ती में मंटू राम के परिवार के नेतृत्व में बस्ती के कुछ लोगों ने एक विवादित जमीन पर संत रविदास की मूर्ति रख दी।
इसके बाद पूजा अर्चना शुरू कर दी। इसकी जानकारी शिवशंकर वर्मा के परिवार के लोगों को हुई। इसके बाद वर्मा परिवार के लोगों ने विवादित स्थल से मूर्ति हटाने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के साथ गाली गलौज होने लगी। सूचना पाकर सीओ बांसडीह दीपचंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष आरएस नागर ने कहा कि कुसौरा में अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों द्वारा बिना अनुमति के संत रविदास की मूर्ति एक स्थल पर रखी गई थी जिसे वहां से हटवा दिया गया है। कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है। कोई भी व्यक्ति गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।