सिकन्दरपुर। एडिशनल सीएमओ डॉ. पद्मावती गौतम ने बृहस्पतिवार की शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर के आसपास चल रहे अवैध पैथोलॉजी सेंटरों की जांच की। दो अवैध पैथोलॉजी सेंटर के संचालक कागजात नहीं दिखा पाए, टीम ने दोनों को सील कर दिया।
एडिशनल सीएमओ डॉ. पद्मावती ने बताया कि आईजीआरएस से मिली शिकायत के आधार पर जांच की गई। अवैध रूप से चल रहे पैथोलॉजी सेंटर और अवैध नर्सिंग होम की शिकायत की गई थी। टीम की ओर से जांच शुरू करने पर अधिकतर पैथोलॉजी सेंटर और नर्सिंग होम को बंद कर संचालक भाग गए। इसलिए उन्हें कागजात प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी की जा रही है। खुशबू और आयुष पैथोलॉजी सेंटर की जांच के दौरान पंजीकरण संबंधी कागजात मांगे गए तो कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर कोई चिकित्सक भी उपलब्ध नहीं था। इसलिए दोनों को सील कर दिया गया है। संवाद