गड़वार ब्लाक के छतवा गांव में कोरोना संक्रमित अधेड को ले जाने की पहुंची एंबुलेंस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले के चार दिन बाद शुक्रवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें से एक गड़वार ब्लाक के छतवा और दूसरा बांसडीह के केवरा का निवासी है। इसके बाद जिले में पाजिटिव मरीजों की संख्या 61 हो गई। इनमें से 49 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव केस कुल 12 बचे हैं।
जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गड़वार ब्लाक के छतवा और बांसडीह के केवरा में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनका सैंपल छह जून को करालिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को एल-1 अस्पताल बसंतपुर ले जाने की कार्रवाई की जा रही है। दो और मरीज मिलने के बाद जिले में हॉट स्पॉट की संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी। अब तक हुए कुल 43 हॉटस्पाट थे जिसमें सात ग्रीन जोन में पहले ही आ चुके हैं। केवरा गांव पहले से ही हॉट स्पॉट घोषित है। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले से भर्ती 59 मरीजों में से 49 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें एक सप्ताह तक होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलाकों को सील करने का निर्देश दिया गया है।