गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर खुर्द की दलित बस्ती में मंगलवार की दोपहर अज्ञात कारणों से एक मड़हे में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर बगल में स्थित एक और मड़हे को जद में ले लिया।
आग से 18 हजार रुपये नकदी समेत लाखों रुपये के घरेलू सामान जलकर राख हो गए। उसमें बंधी दो भैंसें गंभीर झुलस गई। एक भैंस ने चंद मिनट बाद ही दम तोड़ दिया। लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
थाना क्षेत्र के रतसर खुर्द की दलित हरिजन बस्ती निवासी फूलचंद्र राम के मड़हे में आग लग गई। अभी लोग कुछ समझ पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर छोटे भाई गुलाब राम के मड़हे को भी जद में ले लिया।
आग में फूलचंद्र राम के बेटी की शादी के लिए रखे गए 18 हजार रुपये तथा घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मड़हे में बंधी दो भैंसें भी गंभीर रूप से झुलस गईं।
इसमें एक भैंस की मौत चंद मिनट बाद हो गई। गुलाब चंद्र राम की एक रिहायशी झोपड़ी समेत हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गए।