बैरिया। नगर पंचायत स्थित बाजार के आभूषण व्यवसायी को फोन पर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने और नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से व्यवसायी व उसके परिजन बुरी तरह भयभीत हैं। पुलिस व्यापारी से तहरीर लेकर मामले की जांच कर रही है।
रानीगंज के मूल निवासी संतोष सर्राफ की बैरिया में आभूषण की दो दुकानें हैं। एक सप्ताह पूर्व सोने के नकली गहने बंधक रखने आईं दो महिलाओं को दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने ठगी करने वाली महिलाओं और संबंधित आभूषण व्यवसायी के बीच समझौता कराकर दोनों महिलाओं को छोड़ दिया था। 30 जनवरी को सूरज नाम के एक व्यक्ति ने संतोष को फोनकर खुद पकड़ी गई एक महिला का परिजन बताते हुए दो लाख का रंगदारी मांगी और नहीं देने पर संतोष सर्राफ व उनके भाई की हत्या करने की धमकी दी। 31 जनवरी को राखी और लालू नाम बताकर दो लोगों ने अलग-अलग नंबरों से संतोष सर्राफ के मोबाइल पर फोन करके धमकी दी। इससे भयभीत संतोष सर्राफ व उसके परिजन चौकी इंचार्ज बैरिया हिरेंद्र सिंह को तहरीर दी। एफआईआर दर्ज नहीं होने पर व्यवसायी विधायक सुरेंद्र सिंह के यहां पहुंच गए। विधायक ने चौकी इंचार्ज को तत्काल मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही व्यवसायी को पूरी सुरक्षा प्रदान करने व फोन पर रंगदारी मांगने वालों के तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। इस बाबत चौकी इंचार्ज बैरिया ने बताया कि अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मामला सही मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।