बलिया/ चितबड़ागांव। बलिया-वाराणसी मार्ग पर सोमवार की दोपहर वाराणसी के तरफ जा रहे इंडेन गैस के ट्रक ने अलग-अलग दो स्थानों पर बाइक सवारों को टक्कर मार दिया। जिसमें बाइक पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से दो लोगों की सदर अस्पताल में मौत हो गई। वहीं घायल मां-बेटी को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जबकि एक युवक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर, पुलिस ने ट्रक को बलिया-गाजीपुर सीमा के पास धर्मापुर से पकड़ लिया।
पहली घटना फेफना थाना क्षेत्र के एक ढाबे के समीप हुई जहां ट्रक ने पीछे से टक्कर मार नगर से सटे रामपुर महावल निवासी काशी चौधरी (45) व हरि यादव (22) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। काशी चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं हरि यादव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके बाद चालक ट्रक को लेकर भागा और चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के बरईया के पोखरे के समीप एक बाइक में टक्कर मार दिया। जिसमें चितबड़ागांव थाना के अख्तियारपुर निवासी भुलन गुप्ता (50), कलावती देवी (45) व शांति देवी (25) पत्नी राधेश्याम घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां भुलन गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि मां कलावती देवी व बेटी शांति देवी की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक को पुलिस ने बलिया-गाजीपुर सीमा के पास धर्मापुर से पकड लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम व पता संजय कुमार पटेल पुत्र स्व चंद्रजीत पटेल थाना बडागांव रमईपट्टी वाराणसी बताया।
उधर, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर ब्लॉक के कांशीराम आवास में रहने वाली महिला शाहजहां 50 पत्नी सलाहुदीन को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।