चितबड़ागांव। कस्बा स्थित टोंस नदी में सोमवार की दोपहर नहाने के दौरान दो नाबालिग दोस्त डूब गए। स्थानीय नाविकों की सहायता से पुलिस ने दोनों एक घंटे बाद खोज निकाला। हालांकि दोनाें की मौत हो गई।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 राजेंद्र नगर निवासी शिवम गुप्ता (12) अपने साथी अमृत गुप्ता (14) पुत्र राजू गुप्ता व नीरज के साथ टोंस नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से दोनों डूबने लगे, किनारे बैठा तीसरा साथी नीरज बचाने के लिए चिल्लाने लगा। पास में मौजूद चारवाहों की नजर उनपर पड़ी, वह बचाने के लिए पहुंचते तब तक दोनों डूब गए।
सूचना पर थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह दलबल के साथ पहुंच गए। स्थानीय नाविकों की सहायता से तलाश में जुट गए। करीब एक घंटे बाद नाविकों ने शिवम को खोज निकाला। इलाज के लिए ले जाते रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दूसरा किशोर अमृत गुप्ता भी कुछ देर बाद मिल गया। पुलिस ने उसे भी अस्पताल पहंुचाया। लेकिन उसकी भी मौत हो चुकी थी। चेयरमैन अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पहले से पहंुचे परिजनों को सांत्वना दिया। थाना प्रभारी राकेश रोहन ने कहा कि दोनों किशारों की डूबने से मौत हो गई है।