बलिया। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को आई रिपोर्ट में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई है, जिसमें दुल्लहपुर गाजीपुर के वृद्ध और बैरिया क्षेत्र के मधुबनी का निवासी एक अधेड़ शामिल है। इसके अलावा नए 338 केस पाए गए हैं। जबकि जिले में अब एक्टिव केस 3359 हो गए हैं। होम आइसोलेशन में 2722 तथा एल-1 औरएल-2 बसंतपुर में 43 मरीजों को भर्ती किया गया है। मंगलवार को 2173 लोगों की सैंपलिंग की गई। जिले में अब तक कोरोना से मरने वालों की तादाद 131 पहुंच गई है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद ने दी है।
बता दें कि बीते 19 अप्रैल को मधुबनी के कोरोना संक्रमित के इलाज के लिए पहुंची स्वास्थ्य टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की थी। जिसकी बुधवार की शाम साढ़े चार बजे के करीब मौत हो गई। मृतक की एक अंधी बेटी सहित परिजन शव के पास बैठे थे। लेकिन कोई उनका हाल जानने नहीं पहुंचा है। संक्रमित के पैर में पांच-छह माह पहले से घाव था। उसका इलाज चल रहा था। इसी बीच वह कोरोना संक्रमित भी हो गया। उसी को होम आइसोलेट करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा की रैपिड रिलीफ टीम उसके घर गई थी, जहां ग्रामीणों ने स्वास्थ्य टीम पर हमला बोल दिया था, जिसमें डॉक्टर नीरज सिंह का हाथ टूट गया था। डॉ अमित गौतम और चालक भी घायल हो गए थे। इस प्रकरण में पुलिस ने संक्रमित को नामजद करते हुए 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा कायम किया है, जिसमें दो लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है। उधर, घनश्याम उर्फ उधारी की मौत हो गई और उसका शव घर में पड़ा हुआ है। उसकी पत्नी और उसकी बेटी का शव के पास बैठ कर रो रही हैं। कोई देखने तक मौके पर नहीं पहुंचा है। कोरोना संक्रमित घनश्याम के संपर्क में पूरा परिवार के आने से परिवार के लिए भी खतरा बढ़ गया है। समाचार लिखे जाने तक शव के पास उसकी पत्नी और बच्चें बिलख रहे थे। इस मामले में एसएचओ बैरिया व एसडीएम बैरिया को सूचना गांव के लोगों द्वारा दी गई है।
बैरिया व मुरलीछपरा ब्लाक में 34 मिले पॉजिटिव
बैरिया। बैरिया व मुरलीछपरा विकास खंडों में बुधवार को कुल 34 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसमें नौका टोला का 24 वर्षीय युवक, दलनछपरा का 29 वर्षीय युवक, भवनटोला के एक सात वर्षीय बालक, एक चौदह वर्षीय बालक व चालीस वर्षीय युवक भी शामिल है। दोकटी के एक 50 वर्षीय अधेड़ व 25 वर्षीय युवक सहित सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह बैरिया कस्बे का दस लोग जिनमे दो महिलाएं भी शामिल है। वही पांडेयपुर, गंगौली, प्रसादछपरा, चकिया में भी कुल सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। टीकाकरण में लगे चिकित्सकों का कहना है कि बैरिया तहसील क्षेत्र का कोई भी गांव, कस्बा या बाजार नहीं है जहाँ के कुछ लोग कोरोना से संक्रमित नहीं हुए है। ऐसी स्थिति में कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों पालन आवश्यक है।
वैक्सीन लेने के बाद भी फार्मासिस्ट हुआ संक्रमित
सुखपुरा। बुधवार को आई रिपोर्ट में सुखपुरा पीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट के पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि फार्मासिस्ट ने पहली और दूूूसरी डोज वैक्सीन की ले लिया था। इसके बाद भी संक्रमित पाया गया। इसकी जानकारी होते ही फार्मासिस्ट ने अपने आपको होम आइसोलट कर लिया।