बैरिया। इब्राहिमाबाद नई बस्ती से दो दिन पूर्व लापता 10 वर्षीय आदित्य चौधरी उर्फ गोलू पुत्र संतोष चौधरी को बैरिया पुलिस ने मंगलवार की देर शाम बिहार के मांझी चट्टी में मिला। उसे उसके पिता को सुपुर्द कर दिया। बालक को अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में अपहृत बालक के पिता संतोष चौधरी ने तीनों आरोपियों के विरूद्घ नामजद तहरीर दी है।
पीड़ित संतोष चौधरी ने बताया कि बैरिया पुलिस ने मंगलवार की देर शाम बिहार के मांझी चट्टी से बेटे को ढूंढ निकाला। वहीं इस मामले से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है। पिता ने बताया कि गांव के ही तीन लोगों ने अपने सहयोगियों के माध्यम से बेटे का अपहरण किया है। इनके विरूद्घ मैंने बैरिया थाने में तहरीर दी है। बता दें कि इस घटना से संबंधित एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें दो लोग आपस में 10 लाख रुपये की फिरौती की लेनदेन की बात कर रहे हैं। अगर ऑडियो की जांच पुलिस कराती है तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस बाबत बैरिया एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।