पुलिस द्वारा एक ही मुकदमे में दो बार आरोप पत्र न्यायालय में भेजने और न्यायालय की ओर से दोनों का संज्ञान लेने का मामला पकड़ में आने पर एसीजेएम ने संबंधित एसआई को नोटिस जारी किया है। न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कारण स्पष्ट करने को कहा है।
पूछा है कि क्यों न आपके खिलाफ एसपी को लिखा जाए। वहीं मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ने सीओ रसड़ा को मामले की जांच सौंपी है।
नगर के हॉस्पिटल कोटवारी मोड़ स्थित अहिरपुरा निवासी शिव कुमार राजभर पुत्र रामधनी राजभर को पुलिस ने आठ दिसंबर 2022 को रात्रि नौ बजकर 45 मिनट पर नगर के रेलवे स्टेशन से सिटी इंचार्ज अशोक कुमार शुक्ला ने चाकू के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में चार्जशीट लगा कर एसआई अजय कुमार यादव ने न्यायालय भेज दिया। इसी मामले में एक और आरोप पत्र न्यायालय में भेज दिया गया। अदालत ने दोनों ही मामलों का संज्ञान भी ले लिया। दो बार आरोपी को सम्मन भी जारी कर दिया गया। मामला पकड़ में आने पर एसीजेएम प्रथम तपस्या त्रिपाठी वे मामले में एसआई अजय यादव को नोटिस जारी किया है। पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि पहली बार न्यायालय में भेजे जाने की कोई इंट्री नहीं होने पर उसी रिपोर्ट को पुनः अजय ने दोबारा भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया की चार्ज सीट एक ही बार लगाया गया है। मानवीय भूल के कारण उसी चार्ज सीट को दो बार भेज दिया गया। वहीं मामले की जांच सीओ रसड़ा मो. फहीम को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।