हल्दी (बलिया)। थाना क्षेत्र के गहलौत बस्ती के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। बाइक सवार राज प्रताप यादव (22) की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार सुजीत यादव (21) व मां हेवन्ती देवी (48) घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
बेलहरी ग्राम पंचायत के डांगरबाद निवासी राज प्रताप यादव मोटरसाइकिल से हल्दी की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे गहलौत बस्ती के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी सुजीत यादव (22) अपनी मां हेवन्ती देवी के साथ घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राज प्रताप यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुजीत यादव व मां हेवन्ती का इलाज चल रहा है। इस बाबत थानाध्यक्ष राजू राय ने कहा कि बाइक दुर्घटना में मृत युवक का शव पोस्टमार्टम को पहुंचाया गया है, अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।