इंदरपुर। नगरा पुलिस ने 300.55 क्विंटल गेहूं गायब करने के मामले में दो आरोपियों राजाराम प्रजापति व विजय कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर 67 क्विंटल गेहूं बरामद किया है। बरामद गेहूं की अनुमानित कीमत 180900 रुपये है।
नगरा के थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि इसारी सलेमपुर निवासी छट्ठू प्रसाद ने तहरीर दी थी कि सलेमपुर में एक फर्म चलाता हूं। एक जनवरी को मुझे अपने फर्म से गेहूं बिहार भेजना था। मैंने जीएस ट्रांसपोर्ट से संपर्क किया तो उन्होंने अपने ट्रक को मेरे फर्म पर भेजा। 300.55 क्विंटल गेहूं लदवाकर हाजीपुर बिहार भेज दिया। गेंहू हाजीपुर नहीं पहुंचा। ड्राइवर को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद था।
तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उपनिरीक्षक अखिलेश्वर प्रसाद शर्मा व संदीप कुमार ने आरोपी राजाराम प्रजापति निवासी शाहपुर अफगा थाना उभांव व विजय कुमार निवासी चौकियां मोड़ बेल्थरारोड थाना उभांव को गिरफ्तार किया।