बलिया। रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग को पारदर्शी बनाने के लिए आधार सत्यापन को अनिवार्य किया है। फर्जीवाड़े को रोकने व जरूरतमंद व्यक्ति को सहूलियत से टिकट मिल सके इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी डालने पर बुकिंग होगी। इस माह के अंत तक यात्रा के दौरान टीटी तत्काल टिकट वाले यात्री के आधार कार्ड की जांच अपने मोबाइल में मौजूद एम-आधार एप से आधार कार्ड के क्यूआर कोड को स्कैन करके यात्री की पहचान सत्यापित करेगा। दोनों में अंतर मिलने पर यात्री व टिकट उपलब्ध कराने वाले पर कार्रवाई होगी।
जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि तत्काल टिकट के फर्जीवाड़ा रोकने व आम आदमी को टिकट मिले इसके लिए रेलवे बड़ा कदम उठा रहा है। इस माह के अंत तक ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल पर ओटीपी जाएगा। ओटीपी नंबर डालने पर टिकट बुक होगा। यात्रा के दौरान टीटी एम आधार एप के माध्यम से तत्काल टिकट वाले यात्री का आधार वेरिफाई करेंगे। फर्जी मिलने पर कार्रवाई होगी।