बांसडीह। कस्बा के वार्ड नंबर 15 में जमीन विवाद को हल कराने मौके पर पहुंचे तहसीलदार व राजस्व विभाग की टीम से उलझना तीन व्यक्तियों को मंहगा पड़ गया। तहसीलदार की तहरीर पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बांसडीह कस्बा के वार्ड 15 में सत्यनारायण गोंड व लक्ष्मण गोंड के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। लक्ष्मण ने उपजिलाधिकारी बांसडीह को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उन्हें शौचालय बनाने से रोका जा रहा है। मौके पर जाकर जमीन विवाद के बारे में विपक्षी सत्यनारायण गोंड से बात की तभी सत्यनारायण और उसके परिवार के लोग तहसीलदार उनसे व राजस्व टीम से उलझ गए और सरकारी अभिलेख को छीना झपटी कर फाड़ दिया। तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने तहरीर में सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने, सरकारी दस्तावेजों को नष्ट करने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार की तहरीर पर सत्यनारायण, जितेंद्र, धर्मेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।