पाॅलिटेक्निक डाक बंगले में पत्रकारों से बात करते सांसद भरत सिंह (दाएं) ।
सांसद भरत सिंह ने कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा प्रदेश में मिसाल कायम करेगी। प्रदेश की जनता को भय, भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्त कराने के लिए 09 नवंबर को परिवर्तन यात्रा का आगाज बागी बलिया की धरती से किया जा रहा है। परिवर्तन यात्रा गोरख क्षेत्र के 22 जिलों में घूमने के बाद 24 दिसंबर को लखनऊ में समाप्त होगी।
शनिवार को पालिटेक्निक डाक बंगले में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद भरत सिंह ने बताया कि परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ नौ नवंबर को तीखमपुर स्थित टाउन पालीटेक्रिक कालेज के मैदान से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के आम चुनाव में इस जिले की सम्मानित जनता ने जिस आशा और विश्वास के साथ नरेंद्र मोदी को सरकार बनाने का अवसर दिया था। प्रधानमंत्री ने उसके अनुरूप कार्य करते हुए इस देश के सभी नागरिकों को खुशहाल बनाकर पूरी दुनिया में भारत की पहचान एक सबल और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित कर भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा करने का काम किया है। पत्रकार वार्ता में हेमंत पाठक, संतोष सिंह, सुरजीत सिंह परमार, अरूण सिंह बंटू आदि लोग उपस्थित रहे।
बैरियाः अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा ने शनिवार को कस्बा स्थित पांडे के शिवाला पर बैठक हुई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद विनय शंकर दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है। सांसद भरत सिंह , देवेंद्र सिंह, विनोद दुबे, पूर्व विधायक विक्रमा सिंह आदि मौजूद रहे।वहीं सिकंदरपुर संवाददाता के अनुसार, भाजपा के परिवर्तन रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजय यादव ने सिकंदरपुर तहसील अंतर्गत ग्रामसभा सिसोटार, गोसाईपुर, खरीद आदि गांवों का दौरा किया।