किशुनीपुर स्थित तिवारी टोला में शनिवार को बलिदानी अमित तिवारी का 15वां शहादत दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। किशुनीपुर प्राथमिक विद्यालय में स्थापित शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल से आए सहायक कमांडेंट दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, दिनकर कुमार मिश्रा, संतोष कुमार गिरी, गुंजन कुमार ने मुख्य अतिथि के हाथों शहीद की मां को अंगवस्त्र और पराक्रम पदक देकर सम्मानित किया। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि राष्ट्र की अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाला वीर सपूत ही सच्चा शहीद होता है। अमित तिवारी जैसे रणबांकुरे देश की मिट्टी को गौरव प्रदान करते हैं। शहीद अमित तिवारी प्रवेश द्वार और संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका लोकार्पण आज किया जा रहा है।
26 जुलाई 2010 को असम के बोगाई गांव में पेट्रोलिंग के दौरान उल्फा उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद अमित तिवारी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा करते हुए बलिदान दिया था।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि देवनारायण सिंह पुन्ना, पूर्व ब्लाक प्रमुख ज्ञानेंद्र राय और साहित्यकार जनार्दन राय संग मिथिलेश कुमार, दीनानाथ दुबे, विजय नारायण तिवारी, रिंकू दुबे, नमन तिवारी, नंदलाल यादव मौजूद रहे। शोकहरण तिवारी ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।