बलिया। तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच बिजली आपूर्ति भी काफी प्रभावित हो गई है। आलम यह है कि फील्ड में कहीं भी फॉल्ट होने पर उसे दुरुस्त करना मुश्किल हो रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आपूर्ति प्रभावित है।
नगर के आर्यसमाज रोड, गड़हा मोहल्ला, शास्त्री नगर आदि मोहल्लों में शनिवार को सुबह छह बजे से ही पूरे दिन आपूर्ति ठप रही, हालांकि शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हो गई। इसी तरह, सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 38 गांवों में भी बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। जिले में 200 अधिक गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैैं। बेरुआरबारी ब्लॉक के बोड़िया गांव के सामने तो एचटी लाइन पर पेड़ गिर जाने से करीब 15 गांवों की आपूर्ति ठप है। इस बाबत अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि लगातार बारिश के कारण फील्ड में फॉल्ट को दुरुस्त करने में कठिनाई हो रही है फिर भी प्रयास है कि हर जगह आपूर्ति मिले।