नगरा क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के दौरान धान की रोपाई में जुटे मजदूर।
- फोटो : samvad
बलिया। जिले में शनिवार की रात से ही रुक-रुककर हुई बारिश से सड़कों पर पेड़ों के गिरने से कई तरह की दिक्कत हुईं। यातायात ठप होने के साथ ही बिजली भी गुल रही। डीएम आवास मार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से लगभग 6 मोहल्लों में 10 घंटे तक बिजली गुल रही। शहर में 30 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, बेरुआरबारी-बांसडीह मुख्य मार्ग पर मिश्रौली गांव के सामने रविवार की दोपहर में पेड़ गिरने से चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। बड़े वाहन दूसरे रास्ते से निकले, वहीं छोटे वाहन गांव के मार्ग से निकलते रहें। गांव के लोग डालियों के कटाने में जुटे रहे लेकिन मोटा तना सड़क से हटाने उनकी बस का नहीं था। सूचना पर काफी देर बाद वन विभाग की टीम पहुंची। उसके बाद काटकर देर शाम को हटाया गया। शहर के टीडी काॅलेज से डीएम आवास की तरफ से जाने वाले मार्ग पर बारिश के बीच सुबह 11 बजे विशाल पेड़ गिर गया। इससे बिजली के तार संग खंभे टूट गए। इस मार्ग पर यातायात रोकने के लिए पुलिस ने बैरियर लगाया। तार व पोल टूटने से करीब 10 घंटे तक 6 मोहल्ले में बिजली गुल रही। इसके चलते विशुनीपुर क्षेत्र की भी आपूर्ति बंद करनी पड़ी। एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि काम चल रहा है। रात 8 बजे तक सप्लाई चालू कर दी जाएगी।
बारिश से खेतों में लौटी हरियाली
बेल्थरारोड। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही वर्षा से किसान खुश हैं। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और किसान पूरी शिद्दत के साथ कृषि कार्यों में जुट गए हैं। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों को यह बारिश वरदान साबित हो रही है। बारिश के बाद खेतों में हरियाली लौट आई है। वर्षा का लाभ उठाकर किसान अपने खेतों में उर्वरक और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रहे हैं। बारिश के चलते किसानों में धान की अच्छी पैदावार होने की आस लगी है। उधर, बारिश ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों की सूरत बिगाड़ दी है।