रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते और सवार होते यात्री। संवाद
बैरिया। दिवाली और छठ पूजा पर घर आने की तैयारी कर रहे परदेसियों की परेशानी अभी से बढ़ गई है। महानगरों से पूर्वांचल आने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं।
बुधवार सुबह सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन की आरक्षण खिड़की खुलते ही यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह आठ बजे आरक्षण शुरू होने के महज दस मिनट के भीतर ही उपलब्ध टिकट समाप्त हो गए। कई यात्री आधी रात से ही कतार में खड़े थे। टिकट नहीं मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। बताया गया कि 8 नवंबर को दिवाली और इसके बाद 13 नवंबर से छठ पूजा शुरू होगी। 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। महानगरों में रोजगार और व्यवसाय के लिए रहने वाले पूर्वांचल के बड़ी संख्या में लोग इन पर्वों पर अपने गांव-घर लौटते हैं। ऐसे में ट्रेनों में अभी से आरक्षण फुल होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
9 सितंबर को आरक्षण की स्थिति के अनुसार 19165 डाउन साबरमती एक्सप्रेस, 11061 पवन एक्सप्रेस, 19045 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, 14650 सरयू-जमुना एक्सप्रेस, 12662 डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 14016 सद्भावना एक्सप्रेस और 04072 दिल्ली स्पेशल में सीट उपलब्ध नहीं है। इन ट्रेनों में वेटिंग भी नहीं मिल रही है। इसके अलावा 13105 अप सियालदह-बलिया एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस और गंगा-कावेरी एक्सप्रेस समेत महानगरों से पूर्वांचल आने वाली कई अन्य ट्रेनों में भी नो रूम की स्थिति बनी हुई है।
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु कुमार राव ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए रेलवे पर्याप्त संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है। यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।