नगर के कदम चौराहा मालगोदाम रोड पर लगा जाम।
- फोटो : ballia
शहर में यातायात अनियंत्रित हो गया है। इसके चलते जाम के झाम में फंस कर लोग परेशान हो रहे। अधिकारियों की उदासीनता से खीझे लोग यातायात प्रबंधन को कोसते नहीं थक रहे। स्थिति यह है कि स्टेशन चौक तक बाइक और ठेले तथा खुमचे वालों का कब्जा है। ऐसे में जो जाम में एक बार फंसा तो उसे गंतव्य तक पहुंचने में पसीना आ जा रहा।
नगर को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने नगर में मौजूद सभी स्टैंडों को हटवाकर नगर से बाहर स्थापित करवा दिया था। इसके अलावा जिला प्रशासन, वाहन चालक के साथ बैठक कर किराया व रूट भी तय कर दिया था। यहां तक कि किराये की सूची का बोर्ड भी स्टेशन के बाहर पुलिस बूथ समेत विभिन्न चौराहों पर टंगवा दिया था। इसको लेकर वाहन स्वामियों ने धरना-प्रदर्शन तक किया था। पुलिस अधीक्षक के तेवर के आगे मजबूर होकर निर्धारित स्टैंड से सवारी ले जाने लगे। इसके बाद नगर में ई-रिक्शा वालों का पर्दापण हुआ। जिसके बाद लोगों को अत्यधिक किराये से मुक्ति तो मिल गई। लेकिन अब ई-रिक्शा वाले ही लोगों के लिए सिरदर्द बन गए है।
आलम यह है कि स्टेशन के बाहर पुलिस बूथ के सामने ही ई-रिक्शा वाले सड़क पर ही बेतरतीब वाहन खड़ा कर सवारी बोझने लगे है। इसके अलावा चित्तू पांडेय चौराहा, जगदीशपुर चौराहा पर स्टैंड की भांति वाहन खड़ा कर सवारी बिठा रहे। अब तो स्टेशन से शहीद चौक के चारो तरफ वाहन स्वामियाें व ठेले-खुमचे वालों का कब्जा हो गया है। जिसके चलते नगर के प्रत्येक मार्ग पर पूरे दिन जाम लग रह रहा है। सोमवार को स्टेशन से लेकर चौक तक मार्ग के बीचो बीच बाइक व चार पहिया वाहनों का कब्जा रहा। लेकिन पुलिस व यातायात पुलिस उदासीन बनी हुई है। इस बाबत सीओ सिटी विजय प्रताप यादव ने बताया कि मतगणना के बाद नगर अभियान चलाकर व्यवस्था सुदृढ़ किया जाएगा।