नगर के टीडी कालेज चौराहा।संवाद
- फोटो : samvad
बलिया। शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की योजना काे मूर्त रूप देने की कवायद तेज हो गई है। यातायात व्यवस्था ठीक करने के लिए शहर के प्रमुख 10 चौराहों पर आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से 5 करोड़ की धनराशि जारी हो चुकी है। साथ ही चौराहों को सुंदरीकरण भी किया जाएगा।
इन प्रमुख 10 चौराहा को एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल लाइट, बुलेट कैमरा, पीए सिस्टम आदि भी लगाए जाएंगे। प्रमुख चौराहे कलेक्ट्रेट चौराहा, कुंवर चौराहा, चित्तू पांडेय चौराहा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व हनुमानगढ़ी मंदिर आदि प्रमुख चौराहों को अत्याधुनिक उपकरणों से सुंदर बनाए जाने की योजना है। इस कार्य हेतु परिवहन विभाग की तरफ से 5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई। इसकी टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है।
मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने कहा कि चौराहों के सुंदरीकरण के साथ ही ट्रैफिक सिग्नल लाइट,बड़ी एलईडी स्क्रीन, पीए सिस्टम और उन्नत कैमरे लगाए जाएंगे। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकना, जाम से निजात पाना और बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी। सभी चौराहों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। मार्च के अंत में कार्य प्रारंभ हो जाएगा।