बलिया। पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, पटरी दुकानदार समिति एवं अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक नगर के गुरुद्वारा रोड स्थित एक दुकान में रविवार को आयोजित की गई। इसमें अतिक्रमण हटाने के नाम पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन पहले नगर के सभी गलियों से अतिक्रमण हटाए। यहां बहुत सी गलियों को लोगों ने कब्जा कर उसका आस्तित्व ही समाप्त कर दिया है। नगरपालिका प्रशासन पहले नगर की 563 गलियों को अतिक्रमण से मुक्त करें। इसके बाद व्यापारियों का अतिक्रमण हटाया जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया था कि अतिक्रमण हटाने से पहले जिला प्रशासन व्यापारियों से बैठक करके विचार-विमर्श करे। इसके बाद ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के आदेश को न मानते हुए बिना व्यापार मंडी के लोगों के साथ बैठक किए ही अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। व्यापारी ने एक स्वर से कहा कि जिला प्रशासन को शासन के मंशा के अनुरूप तथा नपा के पूर्व अध्यक्ष द्वारा किए गए अनुबंध के आधार पर कार्रवाई करनी होगी। अन्यथा के दशा में नगर के क्षेत्र के सभी व्यापारी सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। बैठक में मुख्य रूप से अरूण गुप्ता, रजनीकांत सिंह, मंजय सिंह, प्रदीप वर्मा, आकाश पटेल, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।