नगर पंचायत प्रशासन की नोटिस पर व्यापारियों, आमजनों के विरोध के बाद अब नगर पंचायत के सभासद भी मुखर होकर व्यापारियों के समर्थन में लाइसेंस शुल्क का विरोध और नोटिस को निरस्त करने की मांग की है। सभासदों ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बांसडीह व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय कुमार गुलर के प्रतिष्ठान पर व्यापारियों और सभासदों की संयुक्त बैठक रविवार को हुई। इसमें नगर पंचायत के सभासदों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव दिए बिना मनमाने तरीके से व्यापारियों सहित अन्य लोगों पर कर नहीं लगने देंगे। सभासदों ने नोटिस को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इसके लिए पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया जायेगा। इस मौके पर सभासद कुलदीप पटेल, अतुल कुमार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, अनमोल गुप्ता, संदीप कुमार सिंह के अलावा दीवान जी, अनिल कुमार, अमित गुप्ता, चंदन गुप्ता, पंकज गुप्ता आदि रहे।