लालगंज। दियारा क्षेत्र से मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली बीएसटी बंधे से उतरते समय मोटरसाइकिल चालक को बचाने में असंतुलित होकर 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। इससे चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उसकी मौत हो गई। सूचना पर एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सलय भेज दिया।
बुधवार को दलन छपरा मौजे के दियारे क्षेत्र से मिट्टी ढो रहा ट्रैक्टर चालक दोकटी निवासी राधेश्याम यादव (26) मिट्टी गिराकर दोबारा लोड करने के लिए वापस खेत में जा रहा था। बीएसटी बंधे से उतरते समय दलन छपरा गांव के सामने एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर पलट कर 20 फीट नीचे खेत में चला गया।
चालक राधेश्याम यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने एंबुलेंस को बुलाया। उसे सीएचसी सोनबरसा ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची दोकटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। खबर मिलते ही परिजन भी सोनबरसा पहुंच गए। परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था। राधेश्याम की मौत से गांव में मातम पसर गया।