बांसडीहरोड। राज्यमंत्री के भाई से उलझना एक ट्रैक्टर चालक के लिए भारी पड़ गया। पुलिस ने ट्रैक्टर सीज कर लिया और चालक समेत दो लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
घोरौली बाजार में मंगलवार की शाम राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने बघौली जा रहे थे। उनके साथ तीन चार अन्य गाड़ियां भी थी, बाजार में कुछ गाड़ियां आगे निकल गयी। जबकि कुछ एक ट्रैक्टर के आने से फंस गई। इसी दौरान वाहनों से नीचे उतरे कार्यकर्ताओं व ट्रैक्टर चालक से कहासुनी होने लगी। जिसके बाद ट्रैक्टर पर बैठे युवाओं ने उनसे दबंगई शुरू कर दी। देखते ही देखते बवाल काफी उग्र रूप लेने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। वहीं ट्रैक्टर एवं दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया है। पकड़े गए दोनों युवकों को शांतिभंग में चालान किया गया है।