बैरिया। तहसील में चार रजिस्ट्रार कानूनगो के सापेक्ष एकमात्र रजिस्ट्रार कानूनगो ही तैनात होने से आम लोगों को जहां परेशानी होती है वहीं सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इसी तरह दो नायब तहसीलदार के सापेक्ष एक भी नायब तहसीलदार बैरिया तहसील में उपलब्ध नहीं है। यहां तैनात एकमात्र नायब तहसीलदार रजत सिंह दो माह के प्रशिक्षण के लिए लखनऊ चले गए हैं जबकि एकमात्र रजिस्ट्रार कानूनगो भी एक माह बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में बैरिया तहसील में हो रहे कामकाज अंदाजा लगाया जा सकता है।
बैरिया तहसील में नायब तहसीलदार बैरिया व सुरेमनपुर क्षेत्र के लिए दो पद हैं। नायब तहसीलदारों के साथ दो-दो कुल चार रजिस्ट्रार कानूनगो के पद हैं। यहां पर एकमात्र रजिस्ट्रार कानूनगो बब्बन यादव तैनात हैं, जिनपर शेष अन्य तीन रजिस्ट्रार कानूनगो के कार्यों का भी बोझ है। लगभग तीन साल पहले नायब तहसीलदार शशिकांत मणि के स्थानांतरण के बाद लंबे समय तक यहां का नायब तहसीलदार पद रिक्त रहा। कुछ समय पहले यहां रजत सिंह की तैनाती हुई लेकिन वह प्रशिक्षु हैं। वर्तमान समय में वह प्रशिक्षण के लिए लखनऊ जा चुके हैं। यहां तैनात एकमात्र रजिस्ट्रार कानूनगो बब्बन यादव भी सेवानिवृत्ति की कगार पर हैं। बैरिया तहसीलदार शिवसागर दुबे ने बताया कि हमारे यहां एक नायब तहसीलदार तो है हीं वह ट्रेनिंग पूरी करके आ जाएंगे। एक नए नायब तहसीलदार व तीन रजिस्ट्रार कानूनगो की डिमांड भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्दी ही रिक्त पदों पर तैनाती हो जाएगी।