बलिया। उप्र सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को माल्देपुर गंगा घाट पर 15.09 करोड़ रुपये से होने वाले बाढ़ निरोधात्मक कार्य का शिलान्यास किया।
बाढ़ को रोकने के लिए कटर बन जाने से आसपास के छह गांवों की 50 हजार की आबादी सुरक्षित होगी। इसके अलावा एनएच 31, ग्रीन फील्डएक्सप्रेसवे को भी बाढ़ से खतरा नहीं होगा।
इस दौरान मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यहां यह कार्य पूरी तरह से माल्देपुर व खोरीपाकड़ की आबादी को बाढ़ से राहत दिलाने के लिए हो रहा है।
इसके अलावा खोरीपाकड़ की सुरक्षा के लिए 5.50 करोड़ व माल्देपुर के डाउन स्ट्रीम में 7.03 करोड़ तथा गंगा किनारे स्थित गांव समूह चैनछपरा, नेमछपरा, उदवनछपरा, रेपुरा व राजपूर एकौना में 12.45 करोड़ रुपये से कार्य कराए जाएंगे।
इसके टेंडर की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जनपद के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों को बचाने तथा इसके स्थायी समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान पूर्व विधायक भगवान पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, गुड्डू राय, अमिताभ उपाध्याय, जिला मंत्री संतोष सिंह, सिंचाई विभाग के संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।