बलिया। नगर पंचायत मनियर की अधिशासी अधिकारी मणिमंजरी राय की खुदकुशी मामले में केस दर्ज हुए सवा माह से अधिक बीत गए लेकिन अभी तक सिर्फ चालक चंदन कुमार के अलावा किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले में आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता और ईओ सिकंदरपुर संजय कुमार राव ने गिरफ्तारी पर रोक के लिए हाईकोर्ट की शरण ली है। मामले में नगर पंचायत मनियर के टैक्स व कंप्यूटर बाबू भी आरोपी हैं।
बीते छह जुलाई की रात शहर के आवास विकास कालोनी स्थित फ्लैट में ईओ नगर पंचायत मनियर मणि मंजरी राय का शव फांसी के फंदे से लटकता पाया गया था। मामले में मणि मंजरी के भाई ने कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया था। जांच में जुटी पुलिस ने चालक चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया और इस समय वह जेल में है। लेकिन चालक के अलावा कोई भी आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। इस बीच खबर है कि चेयरमैन भीम गुप्ता और ईओ सिकंदरपुर संजय राव ने बारी-बारी से इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी डाली है। किन्हीं कारणों से दोनों के ही मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। अब कोर्ट ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई के लिए 27 अगस्त की तारीख तय की है।