हल्दी (बलिया)। गायघाट डाक-बंगला के सामने एनएच-31 पर शनिवार की दोपहर को डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार गोपाल राजभर (28) निवासी गायघाट अकोहली, अशोक राजभर (48) निवासी अकोल्ही थाना बांसडीह की मौत हो गई। वहीं, रविंद्र उर्फ रवि (35) को जिला अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में गाजीपुर के पास उसकी भी मौत हो गई।
बलिया-बैरिया मार्ग पर गायघाट स्थित सिंचाई विभाग के डाक-बंगला के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवक हल्दी की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। इसमें गोपाल राजभर और अशोक राजभर की मौके पर मौत हो गई, रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस न एंबुलेंस को फोन कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाज के लिए भर्ती कर लिया। लेकिन स्थित गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर व बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात रही। क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने कहा कि अज्ञात वान की चपेट में आने से एक बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
-
दो युवकों की मौत से अकोल्ही गांव में शोक
बांसडीह। सड़क हादसे में क्षेत्र के अकोल्ही गांव के दो युवकों की मौत का समाचार सुनकर हर कोई मर्माहत है। अकोल्ही गांव निवासी अशोक राजभर मजदूरी का काम करते थे। पड़ोसी रविन्द्र उर्फ रवि राजभर की बाइक से अपनी मौसी के यहां गायघाट गए थे। वहां से मौसी के परिवार के गोपाल राजभर के साथ एक ही बाइक से हल्दी की तरफ आ रहे थे। इस बीच हादसे का शिकार हो गए।
अशोक राजभर की पत्नी सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल था। अशोक अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले रवि राजभर की शादी तीन साल पहले नारायनपुर निवासी संजू के साथ हुई थी। पति की मौत की खबर सुनकर वह बेसुध हो गईं। उनकी दो साल की छोटी बेटी है।