बांसडीहरोड (बलिया)। थाना क्षेत्र के मनियारी जसांव गांव में बकरा चोरी कर भाग रहे आरोपियों का पीछा करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। शंकरपुर रोड पर पूछताछ के दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इसमें अफरोज (30), इरफान (20) और नीरज यादव (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रात में ही चोरी गया बकरा बरामद कर लिया, लेकिन हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मनियारी जसांव गांव में सती माई स्थान के पास जमीर अहमद का घर है। रविवार रात करीब 10 बजे उनके दरवाजे पर बंधे बकरे को उचक्के खोलकर भागने लगे। बकरे की आवाज सुनकर घरवालों की नींद खुली, लेकिन तब तक आरोपी बकरे को लेकर आमघाट की तरफ निकल चुके थे।
बकरे की तलाश में अफरोज, इरफान और नीरज बाइक से आरोपियों के पीछे चल पड़े। बताया जा रहा है कि आरोपी आमघाट की नट बस्ती में बकरे को छोड़कर शंकरपुर रोड की तरफ चले गए। वहां पहुंचे तीनों युवकों ने मौजूद लोगों से बकरे के बारे में पूछताछ शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया। घायल किसी तरह बांसडीहरोड थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए रात में ही आमघाट से बकरा बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।