रेवती क्षेत्र के पचरुखा देवी मंदिर से चांदी की छतरी चोरी होने की सूचना पर पहुंची पुलिस।जागरुक प
रेवती। क्षेत्र के पचरूखा माता मंदिर में बुधवार की रात चोरों ने खिड़की की ग्रिल के नट खोलकर प्रवेश किया। चांदी के तीन छत्र (झूमर) चुरा लिए। चोरी गए छत्रों का वजन करीब दो किलोग्राम है। घटना की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मंदिर के पुजारी नारायण दास बृहस्पतिवार सुबह मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो पीछे की खिड़की की ग्रिल खुली मिली। उन्होंने देखा कि देवी की पिंडी के ऊपर लगे चांदी के तीनों छत्र गायब थे। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रबंधक सतीश सिंह उर्फ लाल साहब को इसकी जानकारी दी। प्रबंधक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ की। उनकी सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मंदिर पहुंची और जांच की। मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा करीब दो सप्ताह से खराब होने के कारण घटना की तस्वीरें नहीं मिलीं।
मंदिर प्रबंधक सतीश सिंह ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले भी पचरूखा माता मंदिर से दो-तीन बार चांदी के मुकुट चोरी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि चोरी गए तीनों छत्र अलग-अलग श्रद्धालुओं ने देवी मंदिर में समर्पित किए थे। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।