भरौली स्थित गंगा नदी पर चल रहा पुल का निर्माण कार्य।संवाद
नरहीं। बक्सर और उत्तर प्रदेश के भरौली के बीच गंगा नदी पर बन रहा तीसरा पुल अब तेजी से आकार ले रहा है। बिहार एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद कुमार और प्रोजेक्ट हेड संजय कुमार ने बताया कि बक्सर की तरफ से पांच पिलर (दो गंगा नदी में), भरौली में सात और गोलंबर के पश्चिम 16 पिलर पर एक साथ काम चल रहा है। अप्रैल के अंत तक गोलंबर के 16 पिलर तैयार हो जाएंगे।
पुल के निर्माण में कुल 354 पेड़ों की कटाई की गई है। 67 मकान और दुकान को हटाया गया है। पहले भरौली गोलंबर जहां गुलजार हुआ करता था, अब विरान जैसा दिखता है। 3.2 किलोमीटर लंबे इस तीन-लेन पुल का निर्माण 368 करोड़ रुपये से किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद बक्सर–पटना फोरलेन (एनएच-922) और यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बीच सीधा कॉरिडोर तैयार होगा। इससे बिहार–दिल्ली मार्ग पर यात्रा, माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में अभूतपूर्व सुधार आएगा।
निर्माण कार्य में तेजी, मुख्य संरचना ने लिया आकार परियोजना स्थल पर निर्माण कार्य दिन-व-दिन गति पकड़ रहा है। गंगा नदी में दो सहित 29 पिलरों पर काम शुरू हो चुका है। तीन हिस्सों में बन रहे इस पुल में 1.2 किलोमीटर का मुख्य पुल और लगभग दो किलोमीटर का एलिवेटेड रोटरी-एप्रोच रोड शामिल होगा। कुल 40 पिलर इसकी नींव को मजबूत बनाएंगे। इनमें 17 गंगा की मुख्य धारा और 23 नदी के दोनों किनारों पर खड़े किए जाएंगे। जलस्तर स्थिर रहने से इंजीनियरिंग टीम को निर्माण को और तेज करने में मदद मिल रही है।