मनियर। क्षेत्र के गोरपोखर गांव में शनिवार की रात चोर एक घर में शौचालय के सहारे आंगन में उतर गये। इसके बाद घर में रखे नगदी सहित करीब तीन लाख रुपये के गहने पर हाथ साफ कर दिया। रविवार की सुबह महिलाओं की नींद खुलने के बाद घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी गई।
बताया जाता है कि गोरपोखर गांव निवासी परमात्मा गिरि का परिवार खाना खाने के बाद एक कमरे में सो गये। इसी बीच चोर रात में मकान के पीछे बने शौचालय के सहारे आंगन में प्रवेश करने के बाद खिड़की का दरवाजा खोलकर घर में गए। चोर बक्सों को उठा कर बाहर सुनसान जगह पर ले गये। जहां बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे गये नगदी 50 हजार रुपये व सोने के कंगन, तीन अंगूठी, पायल, बाली सहित घर में रखे सारे आभूषण लेकर चले गये। जिसकी कीमत करीब तीन लाख बताई जा रही है। पीड़ित की पत्नी सुनीता देवी की रविवार की सुबह जब नींद खुली तो घर का दरवाजा खुला देख अवाक रह गई। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई कार्रवाई में जुट गई।