घोघा। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के हालपुर गांव के सामने रविवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रेलर में टक्कर मार दी। हादसेमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
रविवार की सुबह करीब पांच बजे कोतवाली क्षेत्र के हालपुर गांव के सामने रोड पर एक ट्रेलर मरम्मत के लिए खड़ा था। जिसे ट्रेलर के क्लीनर रामनयन पुत्र सुन्नर निवासी हैदराबाद थाना रौनापार जिला आजमगढ़ मरम्मत करा रहा था। इसबीच बांसडीह की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक आया और पीछे से ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दिया। ट्रक के जोरदार टक्कर से ट्रेलर डगकर सामने मरम्मत करा रहे रामनयन के ऊपर चढ़ गया। जिसके चलते घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गयी। वही मरम्मत कर रहे ट्रेलर के मिस्त्री दीपक वर्मा 22 पुत्र स्व ठाकुर वर्मा निवासी देवरिया कला थाना फेफना गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल रामशंकर ने घायल को सीएचसी बांसडीह भेजवाया, जहां से हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ट्रक चालक मौके से भाग निकला।