बेल्थरारोड। क्षेत्र के सोनाडीह गांव की तीन बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल में प्रतिभा का लोहा मनाया। गांव की सलोनी, सुनैना और नीति ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 से 25 सितंबर तक आयोजित जूनियर बालिका फुटबॉल नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया।
तीनों खिलाड़ियों के बृहस्पतिवार को ट्रेन से बेल्थरारोड पहुंचने पर परिजनों, स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। खिलाड़ियों के घर लौटने से गांव में खुशी का माहौल रहा। उत्तर प्रदेश की जूनियर बालिका फुटबॉल टीम के चयन के लिए 20 अगस्त से 5 सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में बेहतर प्रदर्शन के दम पर सलोनी, सुनैना और नीति ने यूपी टीम में जगह बनाई। सलोनी को फॉरवर्ड, सुनैना को मिडफील्ड और नीति को स्ट्राइकर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
चैंपियनशिप के दौरान सलोनी ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में उत्तर प्रदेश टीम की कप्तानी भी की। इससे पहले भी तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से उनके परिवार और गांव के लोगों में खासा उत्साह है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी आगे भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।