दुबहर। थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा ढाला के पास से बृहस्पतिवार की देर रात पुलिस ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी किए गए करीब 18.50 लाख रुपये के सोने एवं चांदी के आभूषण, 17 हजार की नकदी आदि बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि चार मार्च को ग्राम स्वरूबांध निवासी बसंत तेली ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके घर से आभूषण, नकदी की चोरी हुई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। 36 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि स्वरूबंध ढाला से चोरी के मामले में जमशेद शेख (20), शहजाद (19) को गिरफ्तार किया गया, इस मामले में उनके साथ एक 17 वर्षीय किशोर को भी पकड़ा गया है। ये सभी स्वरूबंध गांव के ही निवासी हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।