बैरिया। मांझी-बलिया मार्ग के सोनबरसा चौराहे पर सोमवार की रात बाइक की टक्कर के बाद वकील यादव की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो और की तलाश है।
वकील यादव के भाई वीरबहादुर यादव की तहरीर पर पुलिस ने वीरेंद्र यादव, राहुल यादव, सुदामा यादव, प्रभु यादव, धर्मेंद्र यादव पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। घटना के तीसरे दिन पुलिस ने अभियुक्त प्रभु यादव, सुदामा यादव व वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर चालान दिया। वहीं, फरार चल रहे राहुल यादव, धर्मेंद्र यादव की तलाश में दबिश दे रही है।
बक्सर निवासी विकास यादव (25) अपनी ससुराल ठेकहा में रहकर टेंपो चलाते हैं। सोमवार देर शाम गांव निवासी दुर्गा चौधरी वाराणसी से इलाज करा कर ट्रेन से सुरेमनपुर स्टेशन पर आ रहे थे। उन्हें लेने विकास यादव और पड़ोसी वकील यादव (23) टेंपो से जा रहे थे। सोनबरसा चौराहे के पास एनए-31 पर बने गति अवरोधक पर टेंपो असंतुलित होकर सड़क के किनारे खड़ी बाइक से टकरा गया। बाइक सवार युवक ने गाली देते हुए टेंपो चालक विकास यादव की पिटाई कर दी।
आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। टेेंपो लेकर दोनों जाने लगे तो बाइक सवार अन्य पांच-सात युवक वहा पहंुचे और चालक विकास को पीटने लगे। टेंपो में बैठा वकील यादव बीच बचाव करने लगा।
इससे नाराज होकर उक्त लोगों ने चालक को छोड़कर ईंट, पत्थर व फाइटर से बेरहमी तरीके से वकील की पिटाई कर दी। वकील को इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि जल्द ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।