उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक रविवार को मुरली मनोहर इंटर कालेज के सभागार में हुई। जिसमें निर्वाचन ड्यूटी के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन ड्यूटी का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र राय ने कहा कि निर्वाचन में माध्यमिक शिक्षकों की पीठासीन अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई जाती है। साथ ही शिक्षकों से बैलेट बाक्स ढुलवाने का भी कार्य किया जाता है। यह शिक्षकों के स्वाभिमान एवं सम्मान के विपरीत है।
यदि इसमें परिवर्तन नहीं किया गया तो हम शिक्षक निर्वाचन ड्यूटी का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। डा. शिवकुमार मिश्र ने कहा कि जिलाध्यक्ष के जीपीएफ ऋण पर अनावश्यक आपत्ति लगाना सर्वथा खेदजनक है। वेतन भुगतान का कार्य संबंधित लिपिक को कार्यालय में बैठक कर करना चाहिये।
ऐसा नहीं होने पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। पूर्व अध्यक्ष केके पांडेय ने एजेंडा बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार का विरोध करने की आवश्यकता है। वेतन भुगतान या किसी समस्या समाधान के लिए किसी भी अनैतिकता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मौके पर अशोक श्रीवास्तव, अभय कुमार राय, विष्णु देव राय, अभय नारायण सिंह, यादवेंदु कुमार, राघवेंद्र नारायण सिंह, प्रेमशंकर राय, संतोष कुमार चौबे, संतोष पांडेय, अरूण कुमार शुक्ल, डा. सुरेश, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।