बलिया। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने कहा कि एक से 30 सितंबर तक नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान चलाया जाएगा।
बिना हेलमेट पहने व्यक्तियों को किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। साथ ही जिले के विभिन्न चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पंपों पर अभियान से संबंधित बैनर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। सरकारी कर्मचारी और अधिकारी भी हेलमेट लगाकर ही कार्यालय आएं। ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सिगनेज, टेबल टॉप ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। नगर पालिका, पुलिस यातायात और परिवहन विभाग को निर्देशित किया और कहा कि एक कमेटी बनाकर चौराहा और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए। रिपोर्टिंग प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम और हाई जूम कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए।
ज़िलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि कोई भी स्कूल वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के न चले। चालकों की आंखों की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर आदि माैजूद थे।