बलिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे पूरा हो गया। तीन बार बढ़ी तिथियों में जिले भर में 17 ब्लाॅकों के 940 ग्राम पंचायतों में 126003 आवेदकों का सर्वे किया जा चुका है। इसमें कई परिवार ऐसे हैं जिन्होंने सेल्फ सर्वे किया था। ऐसे परिवारों की संख्या 67605 हैं। वहीं सर्वेयरों ने 58398 परिवारों का सर्वे किया है।
जरूरतमंद परिवारों को आवास का लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को शुरू किया गया था। आवास प्लस पोर्टल से पात्र परिवार के व्यक्ति को अपने स्तर से भी आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। नई पात्रता सूची के अनुसार ही सर्वे का कार्य पूरा करना था। इसके लिए अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को सर्वेयर के रूप में तैनात किया गया था। सर्वे व आवेदन का समय पहले 31 मार्च रखा गया था, लेकिन बाद में सरकार ने अधिक लोगों को लाभ देने के उद्देश्य से 30 अप्रैल तक सर्वे का समय बढ़ा दिया था। इसके बाद एक बार फिर 15 मई तक तिथि बढ़ाई गई थी। ऐसे में खुद सर्वे करने वालों की पात्रता की चेकिंग होगी।
इसके लिए जिले के लगभग 103 अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। यह पात्रों के दरवाजे पर जाकर दोबारा पात्रता की चेकिंग कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिससे किसी भी दशा में अपात्रों को पीएम आवास योजना का लाभ न मिल सके। डीडीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि शासन के निर्देश पर दोबारा चेकिंग का कार्य शुरू हो गया है। इसके बार रिपोर्ट प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजी जाएगी।