भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल से मिला। त्रिस्तरीय चुनाव के मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी होने की शिकायत दर्ज कराई। कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी एक गंभीर विषय है।
फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रशासन स्तर से बीएलओ को कुल 30 फीसदी नाम विलोपन का जो निर्देश दिया गया है, वह पूरी तरह से अव्यवहारिक है। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा बिना भौतिक सत्यापन किए 30 फीसदी विलोपन की सूची भेज दी गई है।
मतदाता सूची का परिवर्धन और विलोपन में कुछ वर्ग विशेष के साथ पक्षपात किया जा रहा है, जो लोकतंत्र का मजाक है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजनैतिक दुर्भावना वश और वर्गवाद के कारण जीवित तथा गांवों में निवास कर रहे मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची से विलोपित किया गया है।