बलिया। जिले में 15 ब्लैक स्पाॅट हैं, जहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। कई बार दुर्घटना के बाद लोगों की समय से अस्पताल नहीं पहुंचने से मौत हो जाती हैं। ऐसे में हाईवे पर अब 24 घंटे एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को पिछले एक वर्ष में हुए सभी सड़क हादसों का विवरण तैयार कर एक सप्ताह के भीतर ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थलों) की सूची सौंपने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर लगातार हादसे हो रहे हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित किया जाए। चिह्नित स्थानों पर अनिवार्य रूप से चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर दुर्घटना स्थल का नाम और हादसे के मुख्य कारणों का भी उल्लेख होगा, ताकि चालक सतर्क हो सकें।
सड़क हादसों के बाद घायलों को तुरंत गोल्डन ऑवर में इलाज के लिए डीएम ने एंबुलेंस नेटवर्क को मजबूत करने का खाका तैयार किया है। एनएच-31 सहित फेफना, माल्देपुर व अन्य संवेदनशील हाईवे पॉइंट, जहां एंबुलेंस तैनात रहती हैं, वहां सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर एंबुलेंस का वाहन नंबर, सीयूजी नंबर और चालक का नाम साफ-साफ लिखा होगा। इसके साथ ही, उस हाईवे क्षेत्र से संबंधित नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी अंकित किया जाएगा ताकि आपातकाल में समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सके। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब रोजाना कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देशित किया है कि जिले के सभी प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट की कड़ाई से जांच की जाए। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कानूनी कार्रवाई जाए। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाईवे के एंट्री पॉइंट्स समेत जिले की सभी मुख्य सड़कों और चौराहों पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़ी बड़ी होर्डिंग्स लगाई जाएंगी, जिससे आम जनता को लगातार जागरूक किया जा सके। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, आरटीओ अरुण कुमार राय रहे।
-
108 व 102 के ब्लैक स्पॉट - बांसडीह और सिकंदरपुर
-
हॉट स्पॉट - 35
ब्लैक स्पॉट - 15
उपलब्ध एंबुलेंस
108 - 38
102 - 38
एएलएस - 05
महीना - दुर्घटना - मौत -घायल
जनवरी - 35 - 26 - 19
फरवरी 31 - 18 - 23 -
मार्च - 27 - 17 - 23
अप्रैल - 28 - 19 26