जेएनसीयू में चल रहे परीक्षा का निरीक्षण करते कुलपति प्रो. नरेंद्र शुक्ला साथ में अन्य। विवि
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। मंगलवार को बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों को अनुशासन बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। मंगलवार को तीनों पालियों में कुल 233 परीक्षार्थियों में से 228 उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में 12 नवंबर से परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली सुबह आठ से 10 बजे, द्वितीय पाली 11:30 से दोपहर 1:30 बजे और तृतीय पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक संचालित हो रही है। मंगलवार को तीनों पालियों में कुल 233 परीक्षार्थियों में से 228 उपस्थित रहे।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए केंद्राध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा और सह केंद्राध्यक्ष डॉ. छबिलाल ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। द्वितीय पाली में सह केंद्राध्यक्ष डॉ. दिलीप मद्धेशिया और तृतीय पाली में डॉ. सरिता पांडेय ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
परीक्षा की शुचिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए कुलानुशासक डॉ. प्रियंका सिंह की टीम के साथ आंतरिक सचल दल के सदस्य डॉ. प्रेम भूषण यादव और डॉ. सौम्या तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। वहीं, कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक एसएल पाल ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।